गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर रेल मंडल अंतर्गत खोंगसरा-भनवारटंक रेलखंड की एक सुरंग में तेंदुआ दिखाई देने से दहशत फैल गई। रेलवे ट्रैक पर तेंदुए के बेखौफ घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेंदुआ सुरंग के भीतर ट्रैक के बीचों-बीच टहलता हुआ नजर आ रहा है।
लोको पायलट ने मोबाइल से बनाया VIDEO
जानकारी के मुताबिक, सुरंग के भीतर तेंदुए की मौजूदगी पर सबसे पहले एक रेलवे ड्राइवर की नजर पड़ी। इसके बाद वहां से गुजर रही ट्रेन के लोको पायलट ने अपने मोबाइल से तेंदुए का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में तेंदुआ रेलवे ट्रैक पर आराम से चलता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।
रेलवे कर्मचारियों में बढ़ी चिंता
सुरंग में तेंदुए के दिखाई देने के बाद ट्रैक मेंटेनेंस और गश्त करने वाले रेलवे कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। कर्मचारियों का कहना है कि यह इलाका घने जंगलों और पहाड़ी ढलानों से घिरा हुआ है। उन्हें कई बार पैदल ट्रैक की गश्त और मरम्मत का काम करना पड़ता है। ऐसे में तेंदुए जैसे वन्यजीव की मौजूदगी उनके लिए खतरा बन सकती है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना की जानकारी सामने आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है। रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ वन्यजीव की सुरक्षित आवाजाही को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। संवेदनशील रेलखंडों में रेलवे और वन विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत बताई जा रही है।





