कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की लोक संस्कृति और परंपराएं अक्सर दुनिया को चौंकाती रही हैं। इसी कड़ी में कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम बैलगांव से एक ऐसा विवाह सामने आया है, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है। यहां एक युवक ने दो युवतियों के साथ एक ही मंडप में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शादी का वीडियो और कार्ड
इस अनोखी शादी का निमंत्रण पत्र और शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कार्ड में एक दूल्हे के साथ दो दुल्हनों के नाम दर्ज हैं। वहीं वीडियो में दूल्हा अपनी दोनों दुल्हनों का हाथ थामे अग्नि के फेरे लेते और रस्में निभाते हुए दिखाई दे रहा है। शादी के दौरान ग्रामीणों और दोस्तों ने जमकर डांस भी किया।

कौन हैं दूल्हा और दोनों दुल्हन
जानकारी के मुताबिक दूल्हा हितेश (सुपुत्र गजेंद्र यादव, ग्राम बैलगांव), प्रथम दुल्हन फुलबती (सुपुत्री स्व. बुद्धुराम नाग, ग्राम शंकरपुर) और द्वितीय दुल्हन यामिनी (सुपुत्री स्व. भावसिंह देहारी, ग्राम बनियागांव) हैं।

दो दिन चला विवाह समारोह
यह विवाह 23 मार्च 2026 को मण्डपाच्छादन और हरिद्रालेपन (हल्दी रस्म) के साथ शुरू हुआ, जबकि 24 मार्च को पाणिग्रहण, लगन और आशीर्वाद समारोह संपन्न हुआ।
सामाजिक सहमति से हुआ अनोखा विवाह
ग्रामीणों के अनुसार यह शादी पूरी तरह आपसी सहमति और सामाजिक रजामंदी से हुई है। तीनों परिवारों की सहमति और समाज के बुजुर्गों के आशीर्वाद से यह विवाह संपन्न हुआ।





