July 31, 2026

कोंडागांव: तहसीलदार का रीडर 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

कोंडागांव। जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम दर्ज करने के एवज में तहसीलदार के रीडर ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना बनाई।

पहले 35 हजार रुपये ले चुका था आरोपी

बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को दो किश्तों में 15 हजार रुपये और 20 हजार रुपये, यानी कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि जब्त कर ली गई और मौके पर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई और आरोपी मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रारंभिक पूछताछ में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच जारी है और विवेचना के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।