May 18, 2026

मक्के के बीच छिपी थी गांजे की खेती: दो किसान गिरफ्तार, फसल जब्त

कोंडागांव। जिले के केशकाल विकासखंड में अवैध गांजा खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मक्के की फसल के बीच छिपाकर गांजा उगाने वाले दो किसानों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम स्तर पर मिली सूचना के आधार पर खेतों में दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि मक्के की पंक्तियों के बीच बड़े-बड़े गांजे के पौधे छिपाकर लगाए गए थे, ताकि बाहर से देखने पर फसल सामान्य लगे।

कार्रवाई के बाद पूरी फसल को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि इससे पहले दुर्ग, बलरामपुर और रायगढ़ जिलों में भी अफीम की अवैध खेती पकड़ी जा चुकी है। वहां तरबूज और ककड़ी की फसल के बीच करीब एक एकड़ में अफीम उगाई जा रही थी, जिस पर पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की थी।