कोंडागांव। जिले के इरागांव थाना क्षेत्र में गौहत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जंगल में कथित तौर पर गाय को काटकर उसकी चमड़ी निकाल रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने के उद्देश्य से गौहत्या की गई थी।
जंगल में मौके से पकड़े गए आरोपी
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली थी। इसके बाद उन्होंने इरागांव पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्राम पड्डे के जंगल क्षेत्र में पहुंची।
पुलिस के अनुसार, मौके पर छह लोग कथित रूप से गाय को काटकर उसकी चमड़ी निकालते हुए मिले। टीम ने सभी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने का आरोप
एसडीओपी अरुण कुमार नेताम ने बताया कि पुलिस को जंगल में गौहत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर छह लोगों को पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने के उद्देश्य से गाय की हत्या करने की बात बताई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





