कोंडागांव, 11 फरवरी 2026। जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान संचालित किया जा रहा है, जहां समय-समय पर अधिकारी एवं विशेषज्ञ युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।
इसी क्रम में जिला पंचायत के अकाउंट ऑफिसर श्री गुलशन कुमार ने संस्थान में उपस्थित अभ्यर्थियों को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता सुनिश्चित करने के विषय पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को सफलता के लिए इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में ही निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में एक वर्ष के भीतर 84 अभ्यर्थी विभिन्न परीक्षाओं में सफल हो चुके हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों को इंटरनेट युग का सदुपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से तैयारी को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। साथ ही पीडीएफ, क्लास नोट्स और डिजिटल संसाधनों के सही उपयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम में 22 फरवरी को आयोजित होने वाली सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा के लिए प्रभावी रिवीजन रणनीति पर चर्चा की गई तथा कठिन प्रश्नों को बिना घबराहट हल करने के तरीकों को समझाया गया।
प्रश्नोत्तर सत्र में अभ्यर्थियों को कई उपयोगी सुझाव दिए गए। पढ़ाई करते समय नींद से बचने के लिए लक्ष्य पर फोकस रखने, टाइम मैनेजमेंट के लिए सुव्यवस्थित टाइम टेबल बनाने और परीक्षा कक्ष में घबराहट होने पर गहरी सांस लेकर आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह दी गई।
श्री गुलशन कुमार ने यह भी सुझाव दिया कि अभ्यर्थी बिना अलार्म के उठने की आदत विकसित करें तथा पढ़ाई के साथ संतुलन बनाए रखने के लिए हल्का मनोरंजन भी शामिल करें।
कार्यक्रम में एसएससी जीडी एवं व्यापम द्वारा निकाली गई विभिन्न भर्तियों के परीक्षा पैटर्न की जानकारी दी गई तथा सफलता के मूल मंत्र साझा किए गए।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान, जिला पंचायत के पीछे, कोंडागांव में संचालित है। वर्तमान में यहां पीएससी, मंडी उपनिरीक्षक, परिवहन आरक्षक, एसएससी जीडी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।




