बालोद। डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से कृषि आदान सामग्री के भंडारण और पैकेजिंग का खुलासा किया है। निरीक्षण दल ने भारी मात्रा में कृषि सामग्री, पैकिंग मशीनें और अन्य उपकरण जब्त कर गोदाम को सील कर दिया है।
निरीक्षण में मिली बड़ी अनियमितता
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय निरीक्षण दल ने 21 जुलाई को गोदाम में दबिश दी। जांच के दौरान बिना अनुमति कृषि सामग्री की पैकेजिंग और भंडारण का कार्य संचालित पाया गया।
भारी मात्रा में सामग्री और मशीनें जब्त
निरीक्षण के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री बरामद की गई, जिनमें 10 किलोग्राम पैकिंग बाल्टियां, भू लक्ष्मी महासार जैव उत्प्रेरक की 500 मिली पैकिंग के 2880 नग, वीएजीएमआई प्रोम की 5129 बोरी (40 किलोग्राम), 153 बोरी (8 किलोग्राम) खुली सामग्री तथा 1880 बोरी (50 किलोग्राम) कच्चा कृषि उत्पाद शामिल है। इसके अलावा सात पैकिंग मशीन, 11 इलेक्ट्रॉनिक तोलक और तीन बोरी सिलाई मशीन भी जब्त की गईं।
गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए नमूने
कृषि विभाग ने बरामद कृषि सामग्रियों के नमूने लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मौके पर गोदाम संचालक प्रतिनिधि नीतीश चन्द्राकर और अगेश्वर चन्द्राकर मौजूद रहे।
किसानों से विभाग की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें तथा खरीदारी का बिल अवश्य लें। विभाग ने गैर-लाइसेंसधारी और घूम-घूमकर कृषि सामग्री बेचने वाले लोगों से सावधान रहने की भी सलाह दी है।





