March 4, 2026

कोरबा: 12वीं के छात्र ने लगाई फांसी, जेब से मिला सुसाइड नोट

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 12वीं के एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उस समय सामने आई जब छात्र परीक्षा देने केंद्र नहीं पहुंचा। संदेह होने पर शिक्षक उसके घर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर छात्र का शव पंखे से लटका मिला। शिक्षकों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

मृतक की पहचान उज्वल डडसेना (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कोरबा के SECL DAV स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर आईटीआई बस्ती में अपनी दीदी और जीजा के साथ रहता था। घटना के समय वह घर पर अकेला था। उसकी दीदी आत्मानंद स्कूल में शिक्षिका हैं और ड्यूटी पर गई हुई थीं, जबकि जीजा अपने काम से बाहर गए थे।

पुलिस ने मौके से छात्र की जेब से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जो अंग्रेजी में लिखा हुआ बताया जा रहा है। नोट में केवल इतना उल्लेख है कि उसके शव को मेडिकल कॉलेज को सौंप दिया जाए। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।

मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया और सुसाइड नोट में मेडिकल कॉलेज को शव सौंपने का जिक्र क्यों किया।