May 14, 2026

दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम साय, बस्तर के बदलते हालात और विकास कार्यों पर हुई चर्चा

‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की दी जानकारी

विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर में तेजी से बदल रहे हालात और विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

बैठक में विशेष रूप से ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने बताया कि जिन इलाकों में कभी एम्बुलेंस पहुंचना भी मुश्किल था, वहां अब डॉक्टर, दवाइयां और स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंच रही हैं। दूरस्थ गांवों में पैदल जाकर लोगों की जांच की जा रही है और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान कर निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।

एक महीने में 21 लाख से ज्यादा लोगों की जांच

मुख्यमंत्री ने बताया कि मात्र एक महीने में 21.86 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है और उनके डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए गए हैं। हजारों मरीजों को समय पर उपचार और जरूरत पड़ने पर बड़े अस्पतालों में रेफर भी किया गया है।

सुरक्षा शिविर बन रहे ‘जन सुविधा केंद्र’

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में पुराने सुरक्षा शिविर अब सिर्फ सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं। इन्हें धीरे-धीरे “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह पर मिल रही हैं।

इन केंद्रों के माध्यम से दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को पहली बार कई बुनियादी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। अब ग्रामीणों को इलाज, बैंक खाते, दस्तावेज और योजनाओं की जानकारी के लिए दूर-दूर तक भटकना नहीं पड़ रहा।

36 लाख लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य

उल्लेखनीय है कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ की शुरुआत 13 अप्रैल 2026 को सुकमा से हुई थी। इस अभियान के तहत 36 लाख लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा ‘बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर) अभियान’ के जरिए 31 महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है। जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भी शुरू हो चुका है, जिससे अब लोगों को इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर जाने की जरूरत कम होगी।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में दिख रहा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो इलाके कभी नक्सल प्रभाव के कारण मुख्यधारा से कटे हुए थे, वहां अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। हाल ही में सुकमा के एक अत्यंत दुर्गम गांव से गंभीर मरीज को सैकड़ों किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाकर इलाज उपलब्ध कराना इसी बदलाव का बड़ा उदाहरण है।

अमित शाह ने की सराहना

मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को बस्तर के विकास रोडमैप की जानकारी भी दी, जिसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश पर विशेष फोकस रखा गया है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में चल रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 18 और 19 मई को बस्तर दौरा संभावित है।