कोरबा/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के कोरबा और दंतेवाड़ा जिलों में शुक्रवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार बाइक एक ठेले से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील गुप्ता (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बालको क्षेत्र का निवासी और नगर निगम में ठेका कर्मी बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात लगभग 10 बजे टीपी नगर से बुधवारी की ओर जाते समय हुआ। इसी दौरान सड़क पर चल रहे ठेले से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची मानिकपुर चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में हुई, जहां नेशनल हाईवे-63 (गीदम-जगदलपुर मार्ग) पर जवांगा के पास मेटाडोर और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल गीदम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय प्रशासन ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने को हादसों की प्रमुख वजह बताया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।





