खदान में श्रमिक की संदिग्ध मौत से हड़कंप
कोरबा। एसईसीएल की दीपका खदान में एक युवा श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद कामकाज प्रभावित हो गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया है।
ड्यूटी के दौरान हुई घटना
कोरबा। मृतक की पहचान अण्डीकछार निवासी जुरखन जांगड़े (32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कलिंगा कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार वह मंगलवार रात करीब 9:30 बजे सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी के लिए खदान पहुंचा था, जहां संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई।
परिजनों और साथियों में आक्रोश
कोरबा। घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह से परिजनों और साथी ड्राइवरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने कलिंगा कंपनी के मुख्य गेट पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे खदान का काम पूरी तरह ठप हो गया।
कंपनी पर दबाव बनाने के आरोप
कोरबा। परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मामले को दबाने के लिए कंपनी के कुछ कथित दलाल और बिचौलिए सक्रिय हो गए हैं और परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों ने साफ कहा कि उन्हें केवल सांत्वना नहीं, बल्कि अपने अधिकारों की लिखित गारंटी चाहिए।
मुआवजा और नौकरी की मांग
कोरबा। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाए, घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और खदान में सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए।
पुलिस जांच में जुटी, स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास
कोरबा। दीपका थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।





