कोरबा। कोयलांचल क्षेत्र में मानवता और सामाजिक एकजुटता की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। दीपका वर्कशॉप परिवार ने एक बेसहारा युवक और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की युवती का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराकर समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण पेश किया।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा निवासी रंजीत राउत और बिहार की एक युवती के बीच वीडियो कॉल के माध्यम से रिश्ता तय हुआ। दोनों परिवारों की आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए दीपका वर्कशॉप परिवार, स्थानीय नागरिकों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों ने विवाह की पूरी जिम्मेदारी अपने हाथों में ली।
विवाह आयोजन के लिए वर्कशॉप परिवार और नगरवासियों ने मिलकर लगभग 2.5 लाख रुपये मूल्य के गृहस्थी उपयोगी सामान का सहयोग प्रदान किया। कन्यादान से लेकर बारात की व्यवस्था, विवाह समारोह और फेरे तक की सभी जिम्मेदारियां सामूहिक रूप से निभाई गईं।
विवाह समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। सामाजिक कार्यकर्ता नवीन सिंह क्षत्रिय ने कहा कि बेसहारा लोगों का घर बसाना समाज का सबसे बड़ा दायित्व है और ऐसे प्रयास सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।
बताया जा रहा है कि रंजीत राउत ने बचपन में ही अपने माता-पिता को खो दिया था। वर्तमान में वह दीपका क्षेत्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और सीमित आय में जीवनयापन कर रहा है। उसकी ईमानदारी, मेहनत और संघर्ष को देखते हुए स्थानीय लोगों ने आगे बढ़कर मदद का हाथ बढ़ाया।
स्थानीय नागरिकों ने इस पहल को मानवता, सामाजिक एकता और सामूहिक सहयोग की उत्कृष्ट मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगाते हैं।





