July 31, 2026

KORBA NEWS UPDATE : निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार के आरोप पर बवाल, डिप्टी रेंजर का ग्रामीणों को धमकाने वाला वीडियो वायरल

कोरबा। वन विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में कथित भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। कटघोरा वनमंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम जलके में ग्राम वन प्रबंधन समिति अध्यक्ष चुनाव के दौरान निर्माण कार्य और फेंसिंग में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने अधिकारियों से सवाल किए। इसी दौरान डिप्टी रेंजर और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और फेंसिंग कार्य में धांधली की शिकायत उठाने पर डिप्टी रेंजर अयोध्या सोनी नाराज हो गए और बहस के दौरान ग्रामीणों को एक मिनट के भीतर उठवा लेने की धमकी दे डाली। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। उनका कहना है कि सरकारी अधिकारी जनता के सेवक होते हैं और किसी नागरिक को इस तरह धमकाने का अधिकार उन्हें नहीं है। ग्रामीणों ने संबंधित डिप्टी रेंजर के खिलाफ कार्रवाई करने और निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

मामले के सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। वहीं अब सभी की निगाहें वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करते हैं या नहीं।

फिलहाल मामले को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई है।