कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने का मामला सामने आया है। गुरुवार देर रात नशे में धुत तेज रफ्तार कार चालक ने सड़क पर मौजूद चार मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी घायल हो गया।
भैसमा में हुआ हादसा
घटना उरगा थाना क्षेत्र के भैसमा पॉवर जनरेट ऑफिस के सामने की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। तीन मवेशियों की मौत के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया और स्थिति विवाद तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
बजरंग दल ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नशे में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने से सड़क पर मवेशियों के साथ-साथ आम लोगों की जान को भी खतरा बना रहता है।
मवेशियों की लगातार मौत से उठ रहे सवाल
कोरबा जिले में सड़क हादसों में मवेशियों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही दर्री थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर भारी वाहन की चपेट में आने से सात मवेशियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर विरोध जताया था।
लगातार हो रही घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों ने सड़कों पर मवेशियों की सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





