July 23, 2026

कोरबा में फैक्ट्री हादसा : मशीन की चपेट में आने से महिला मजदूर की मौत, संचालक पर FIR दर्ज

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित राखड़ ईंट फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री में मशीन की सफाई के दौरान महिला मजदूर उसकी चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में मातम पसर गया।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में हुआ। घटना के समय फैक्ट्री में चार से पांच मजदूर काम कर रहे थे। मृतिका की पहचान 26 वर्षीय बिछनी बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय बाद उसी दिन काम पर लौटी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला चालू हालत में मशीन की सफाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक मशीन का लीवर नीचे गिर गया और वह उसकी चपेट में आ गई। मशीन में दबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत भी धरने पर बैठ गए।

करीब 4 घंटे तक चली चर्चा के बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सहमति बनी। पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 75 हजार रुपये दिए गए। इसके अलावा मृतका के नाबालिग बेटे के नाम पर 2 लाख रुपये की एफडी कराने, 18 वर्ष की उम्र तक हर महीने 1500 रुपये भरण-पोषण राशि देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी।

मामले में पुलिस ने फैक्ट्री संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।