May 15, 2026

कोरबा में पहले महिला थाना का लोकार्पण, मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया शुभारंभ

नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने शुक्रवार को सिविल लाइन थाना परिसर में कोरबा जिले के पहले महिला थाना का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।

मंत्री देवांगन ने कहा कि यह थाना महिलाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाएगा और उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान में मदद करेगा। उन्होंने इसे महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

शुभारंभ के बाद निरीक्षक भावना खांडेकर को थाना प्रभारी का पदभार सौंपा गया। थाने में आवश्यक पुलिस बल की भी पदस्थापना की गई है।

कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया। साथ ही थाना परिसर में वाटर कूलर स्थापना की घोषणा की और गर्मी में आग से बचाव के उपायों से संबंधित पाम्पलेट का विमोचन किया।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।