May 14, 2026

Korba में ‘शोले’ जैसा हाईवोल्टेज ड्रामा: पत्नी को मनाने 150 फीट टावर पर चढ़ा युवक, ढाई घंटे बाद उतरा

कोरबा: छत्तीसगढ़ के Korba जिले से एक हाईवोल्टेज ड्रामा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो लोगों को Sholay फिल्म के मशहूर सीन की याद दिला रहा है।

मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम करमंदी का है, जहां एक युवक पत्नी के मायके चले जाने से नाराज होकर करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। युवक की इस हरकत को देख गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, करमंदी निवासी मुकेश सांडे का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता था। लगातार झगड़ों से परेशान होकर पत्नी मायके चली गई। पत्नी को मनाने की कई कोशिशें नाकाम होने के बाद युवक सोमवार शाम नशे की हालत में टावर पर चढ़ गया।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ऊंचाई ज्यादा होने के कारण सीधे संवाद संभव नहीं था, इसलिए पुलिस ने मोबाइल के जरिए युवक से संपर्क करने की कोशिश की। इस दौरान युवक बार-बार करंट वाले तार को छूने की कोशिश कर रहा था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक से बातचीत शुरू की। युवक ने शर्त रखी कि जब तक उसकी पत्नी घर लौटने के लिए तैयार नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस ने समझाइश देकर उसकी पत्नी से बात करवाई। पत्नी ने पति के विवाद न करने की शर्त पर घर लौटने की हामी भरी।

इसके बाद करीब ढाई घंटे तक चला यह ड्रामा खत्म हुआ और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल भेजकर स्वास्थ्य जांच कराई।