May 19, 2026

कोरबा में सरपंच की पिटाई से अस्पताल कर्मचारी की मौत, परिजनों और कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां अस्पताल में ड्यूटी के दौरान सरपंच द्वारा की गई पिटाई से कर्मचारी बाल कृष्ण चनईया की उपचार के दौरान मौत हो गई।

मृतक की बड़ी बेटी लक्ष्मी ने बताया कि उनके पिता के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट की गई थी, जिसके कारण उनकी मौत हुई। इस घटना के विरोध में परिजन और अस्पताल के कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं और आरोपी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम (पीएम) कक्ष में कर्मचारी की कमी के कारण अन्य शवों का पीएम भी प्रभावित हुआ है। अस्पताल के पीएम कक्ष और मुख्य गेट पर कर्मचारियों ने ताला लगाकर पीएम करने से इनकार कर दिया।

जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कोरबा के सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद संवैधानिक कार्रवाई की जाएगी।