May 15, 2026

आवास योजना घोटाला: 79 लाख की हेराफेरी, कियोस्क संचालक गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गरीबों की आवास योजना की राशि में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। मामले में EOW और ACB रायपुर की टीम ने आरोपी कियोस्क संचालक गौरव शुक्ला (47 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

EOW-ACB द्वारा दर्ज अपराध क्रमांक 20/2018 के तहत 16 अप्रैल 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश कोरबा की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 21 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

इंदिरा आवास योजना में हेराफेरी
जांच में सामने आया कि वर्ष 2010-11 में इंदिरा आवास योजना के तहत हितग्राहियों के खातों में जारी राशि को आरोपी ने वर्ष 2017 में निशाना बनाया। निष्क्रिय खातों को सक्रिय कर करीब 79 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए गए।

आधार सीडिंग और AEPS के जरिए ठगी
आरोपी Bank of India की कोरबा शाखा में कियोस्क संचालक था। उसने बैंक कर्मचारियों की स्टाफ आईडी का दुरुपयोग कर खातों में दर्ज आधार नंबर बदल दिए और अपने व परिवार के आधार नंबर लिंक कर दिए। इसके बाद AEPS के जरिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कर रकम निकालता रहा।

Finacle सिस्टम की खामियों का फायदा
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने Finacle सिस्टम की तकनीकी कमियों का फायदा उठाया, जिसमें बिना आधार सत्यापन के ट्रांजेक्शन और ऑटो लॉगआउट की कमी शामिल थी।

620 बार फर्जी आधार सीडिंग
विवेचना में पाया गया कि आरोपी ने 10 अलग-अलग स्टाफ यूजर आईडी का उपयोग करते हुए करीब 620 बार फर्जी आधार सीडिंग की। कई मामलों में बिना दस्तावेज सत्यापन के ही प्रविष्टियां दर्ज की गईं।

आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 421, 409, 120(B) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। EOW-ACB अब इस घोटाले में अन्य आरोपियों और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।