कोरबा। बर्फ का नाम सुनते ही ठंडक का अहसास होता है, लेकिन शहर में सामने आए एक मामले ने लोगों को हैरान कर दिया। घंटाघर चौपाटी स्थित एक जूस सेंटर में इस्तेमाल की जा रही बर्फ के अंदर मेंढक जमा हुआ मिला, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना सामने आते ही व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई और बर्फ फैक्ट्री संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि जूस सेंटर संचालक निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से बर्फ खरीदकर लाया था, जहां फैक्ट्री से थोक में बर्फ सप्लाई की जाती है। संघ ने बर्फ फैक्ट्री और सप्लाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं बर्फ डिपो संचालक डी गुप्ता ने बताया कि वह विभिन्न फैक्ट्रियों से बर्फ लाकर बेचते हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री से आई थी और वह उनके डिपो की ही थी या नहीं।
इधर खाद्य अधिकारी विकास भगत ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी बर्फ फैक्ट्रियों की जांच की जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।





