कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरी स्थित राज ज्वैलर्स में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े लूट की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और मिर्च पाउडर फेंककर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्राहक बनकर पहुंचे, महिला के वेश में था एक आरोपी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। इनमें से एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के वेश में था। सोने की अंगूठी दिखाने के बहाने उन्होंने दुकान संचालक का ध्यान भटकाया और अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।
कट्टा और चाकू दिखाकर लूट का प्रयास
इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कट्टा और चाकू के बल पर दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। घटना के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। विरोध करने पर बदमाशों ने संचालक राजकुमार अग्रवाल पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने चाकू से वार किया और काटने (दांत से) का भी आरोप है।
बदमाश कट्टा और बाइक छोड़कर भागे
दुकान संचालक के विरोध के कारण बदमाश अपनी योजना में पूरी तरह सफल नहीं हो सके। अफरा-तफरी के दौरान आरोपी मौके पर एक कट्टा और प्लेटिना मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वे कुछ आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी लेकर भागने में सफल रहे। पुलिस वास्तविक नुकसान का आकलन कर रही है।
नाकेबंदी, CCTV फुटेज के आधार पर तलाश
घटना के बाद कटघोरा पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। मामले की जांच जारी है।





