कोरबा। कलेक्टोरेट के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सुरक्षाकर्मी का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो नाइट शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, सुबह परिजनों द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन विनोद ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसके पिता कार्यालय पहुंचे, जहां घटना का पता चला। सूचना मिलते ही कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को जानकारी दी गई।
मामले की सूचना पर छत्तीसगढ़ पुलिस की सिविल लाइन थाना टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले कुछ सामान को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विनोद सोनवानी आरा मशीन क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच के बाद ही घटना के कारणों और परिस्थितियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





