July 31, 2026

कोरबा में नाले में बहे ग्रामीण का 48 घंटे बाद मिला शव, मछली पकड़ने के दौरान हुआ था हादसा

कोरबा।

कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने के दौरान उफनते नाले में बहे ग्रामीण का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगातार रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, डिंडोलभाठा निवासी बंधु लोहार (52) सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वह नाले में बह गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तेज जलप्रवाह के कारण रेस्क्यू अभियान में कठिनाई आने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। मंगलवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और तेज बहाव के कारण अभियान रोकना पड़ा।

बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया। बताया गया कि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है, जहां लगातार बारिश के कारण जलस्तर बढ़ा हुआ था।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।