May 18, 2026

निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में हादसा, गिट्टी से भरा वाहन पलटा, युवक की मौत

कोरबा। जिले के रजगामार थाना क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। गिट्टी से भरा वाहन खाली करते समय अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया और मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय उम्रर समन्स, निवासी बिहार के रूप में हुई है, जो कोरबा में रहकर काम कर रहा था।

हाइड्रोलिक जैक टूटने से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, गिट्टी से भरे वाहन को खाली करते समय अचानक हाइड्रोलिक जैक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान पास में खड़े ट्रेलर की स्टेपनी बदल रहे उम्रर समन्स वाहन की चपेट में आ गए और दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद चालक फरार
घटना के तुरंत बाद ट्रेलर वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। इससे मजदूरों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया।

साइट पर नहीं था इंचार्ज
मजदूरों का कहना है कि हादसे के समय साइट इंचार्ज मौजूद नहीं था और चालक अकेले ही वाहन खाली कर रहा था। यदि निगरानी होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।