May 14, 2026

कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 61.82 लाख का आधुनिक आश्रयालय लोकार्पित

6

कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए स

र्व सुविधायुक्त आश्रयालय का निर्माण किया गया है। एसईसीएल के सीएसआर मद से 61.82 लाख रुपये की लागत से बने इस नवनिर्मित भवन का लोकार्पण नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने फीता काटकर किया।

लोकार्पण अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार काम कर रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में पिछले दो वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। विभिन्न जांचों के लिए लगभग 4.50 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। 50 बिस्तरों का क्रिटिकल केयर यूनिट (लगभग 16.5 करोड़) निर्माणाधीन है, वहीं कैजुअल्टी भवन के ऊपर 100 बेड का वार्ड (करीब 3 करोड़) भी तैयार किया जा रहा है।

मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए 83 एसी लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 40 बिस्तरों का आई वार्ड (करीब 1.21 करोड़) जल्द शुरू होगा, जबकि नवजात शिशुओं के लिए 6 बेड की सुविधा भी विकसित की गई है। सीएसआर और डीएमएफ फंड से सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनों की खरीदी की प्रक्रिया भी जारी है।

मंत्री ने कहा कि इस नए आश्रयालय (रैन बसेरा) के शुरू होने से मरीजों के परिजनों को अब ठहरने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और उन्हें बेहतर सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि बीते दो वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं। सभी निर्माणाधीन परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद अस्पताल में सुविधाएं और बेहतर होंगी।

इस अवसर पर सभापति नूतन ठाकुर, मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन डॉ. के.के. सहारे, डॉ. गोपाल कंवर, एसईसीएल गेवरा के जीएम एन.के. साहू, डॉ. रवि जाटवर, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी दुष्यंत शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।