July 23, 2026

Korba News: मेडिकल अस्पताल की OPD में डॉक्टर की टेबल के नीचे निकला कोबरा, मचा हड़कंप

कोरबा। शहर के मेडिकल अस्पताल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ओपीडी (OPD) में डॉक्टर की कम्प्यूटर टेबल के नीचे एक कोबरा सांप फन फैलाए बैठा मिला। सांप को देखते ही मरीजों और अस्पताल कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर कोबरा को जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, सुबह ओपीडी में डॉक्टर की टेबल के नीचे से फुफकारने की आवाज सुनाई दी। जब कर्मचारियों ने टेबल के नीचे देखा तो वहां जहरीला कोबरा फन फैलाए बैठा था। अचानक सामने आए सांप को देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और स्टाफ में दहशत फैल गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल कर्मचारियों ने बिना देर किए RCRS के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कोबरा को पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद कोबरा को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और अस्पताल में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। अस्पताल प्रबंधन ने भी कर्मचारियों की सतर्कता और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।