कोरबा। लगातार हो रही बारिश के चलते मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। जलाशय में 92.48 प्रतिशत जलभराव होने के बाद बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रशासन ने तीन गेट खोल दिए हैं। इन गेटों से करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने डाउनस्ट्रीम इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन की ओर से नदी किनारे बसे 35 गांवों में मुनादी कराई गई है। ग्रामीणों से नदी किनारे से अपनी संपत्ति और जरूरी सामान हटाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। साथ ही आमजन को नदी और जलाशय के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कार्यपालन अभियंता ने सर्वसाधारण के साथ-साथ खनिज खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और विभिन्न संस्थानों को भी आवश्यक सावधानी बरतने की सूचना जारी की है।
वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिनीमाता बांगो डैम को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रात के समय रोशनी से जगमगाता बांध लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। एक ओर जहां डैम की सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ते जलस्तर और गेट खुलने के बाद आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है।





