कोरबा। नगर विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन के जन्मदिन पर शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सुबह से ही कोहड़िया स्थित निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इसके बाद मंत्री देवांगन ने माँ सर्वमंगला मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया, वहीं वृद्धजनों का शाल-श्रीफल से सम्मान भी किया गया।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं का उत्साह
टीपी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में मंत्री देवांगन का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने महामाला पहनाकर अभिनंदन किया।
जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि मंत्री देवांगन अपनी सरलता और सहजता के लिए जाने जाते हैं और 24 घंटे कार्यकर्ताओं व जनता के लिए उपलब्ध रहते हैं।
जमनीपाली और बालको में भी भव्य स्वागत
जन्मदिन के अवसर पर जमनीपाली और बालको क्षेत्र में भी विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा मंत्री का स्वागत किया गया। एनटीपीसी गेट के सामने स्थित हनुमान मंदिर में भी महामाला पहनाकर उनका अभिनंदन किया गया।
सभी समाजों ने दी शुभकामनाएं
शहर के विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंत्री देवांगन से भेंट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





