March 3, 2026

बर्खास्त जवान की बहाली को लेकर नगर सेना के जवानों का प्रदर्शन, जिला सेनानी पर कार्रवाई की मांग

कोरबा। बर्खास्त किए गए नगर सेना के जवान की आत्महत्या की कोशिश के मामले को लेकर नगर सेना के जवानों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जवानों ने नगर सेना कार्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए बर्खास्त जवान की बहाली और जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बर्खास्तगी से आहत होकर किया जहर सेवन

जानकारी के मुताबिक, जिला सेनानी अनुज एक्का ने नगर सेना के जवान संतोष पटेल को बर्खास्त कर दिया था। इस फैसले से आहत होकर संतोष पटेल ने कलेक्टोरेट परिसर में जहर का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। उसकी हालत गंभीर होने पर पहले उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

सुसाइड नोट में लगाए प्रताड़ना के आरोप

बताया जा रहा है कि संतोष पटेल ने जहर सेवन से पहले सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेड और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पहले भी खुल चुका है मोर्चा

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महिला नगर सैनिकों ने भी जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ मोर्चा खोला था। अब इस घटना के बाद विरोध और तेज हो गया है।

ये हैं जवानों की मुख्य मांगें

प्रदर्शन कर रहे नगर सेना के जवानों की प्रमुख मांगें हैं—

  • बर्खास्त जवान संतोष पटेल की तत्काल बहाली
  • जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज
  • पूरे मामले की निष्पक्ष जांच

प्रदर्शन के चलते कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से फिलहाल मामले में बातचीत और जांच का भरोसा दिलाया जा रहा है।