कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में मामूली डांट से नाराज भतीजे ने अपनी 55 वर्षीय मौसी की डंडे और लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी 45 वर्षीय तीरथराम यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, तीरथराम यादव शराब के नशे में घूमने के बाद अपने घर पहुंचा था। घर में उसकी मौसी मोहन कुंवर बाई मौजूद थीं। उन्होंने युवक को बेवजह इधर-उधर घूमने, रोज शराब पीने और देर से घर आने को लेकर फटकार लगाई। मौसी की डांट से तीरथराम इतना नाराज हो गया कि उसने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से उनके सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से मोहन कुंवर बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
नशे में दिया वारदात को अंजाम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुरैना गांव में मोहन कुंवर बाई की हत्या उनके भतीजे तीरथराम यादव ने की है। आरोपी घटना के वक्त नशे में था और सामान्य विवाद के बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





