May 19, 2026

कोरबा में 1.90 करोड़ का नया सब स्टेशन शुरू, 5 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

कोरबा। शहर में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 1.90 करोड़ रुपये लागत से बने नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया। कोरबा नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने पुष्पलता उद्यान, सुभाष चौक के पास स्थित सीडीईएफ कॉलोनी में इस उपकेंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया।

5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा स्थापित इस 1×5 एमवीए क्षमता वाले सब स्टेशन से कोसाबाड़ी, निहारिका, घंटाघर, बुधवारी, काशीनगर, सीएसईबी कॉलोनी, आरपी नगर और शिवाजी नगर समेत आसपास के क्षेत्रों के 5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा।

बिजली आपूर्ति होगी निर्बाध
अब तक निहारिका क्षेत्र में अलग-अलग फीडर से बिजली आपूर्ति होती थी, जिससे किसी एक फीडर में खराबी आने पर पूरे इलाके की बिजली बाधित हो जाती थी। नए सब स्टेशन के शुरू होने के बाद वैकल्पिक लाइन से सप्लाई संभव होगी, जिससे बिजली कटौती की समस्या में बड़ी कमी आएगी।

मुख्यमंत्री योजना से मिली गति
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार योजनाएं स्वीकृत की जा रही हैं। मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना योजना के तहत ऐसे प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

गर्मी में मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि नए उपकेंद्र के शुरू होने से गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड के कारण होने वाली बिजली समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। यह क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब पूरी हुई है।

बिजली बिल राहत योजना का भी जिक्र
मंत्री ने कहा कि कई उपभोक्ता आर्थिक कारणों से समय पर बिजली बिल नहीं भर पाते, जिससे सरचार्ज बढ़ जाता है। इस समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने समाधान योजना शुरू की है, जिसके तहत उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है और वार्ड स्तर पर शिविर भी लगाए जा रहे हैं।

दो और नए सब स्टेशन को मंजूरी
कोरबा शहर में राताखार और रूमगढ़ा में भी दो नए सब स्टेशन बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। मंत्री ने अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थल चयन कर निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, अजय विश्वकर्मा, प्रफुल्ल तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।