कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान प्रीति उर्फ बेबी (26) के रूप में हुई है, जो कृष्णा नगर बस्ती की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि महिला का शव घर के भीतर लोहे के एंगल पर चुन्नी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि मृतका का एक 3 वर्षीय बेटा भी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि नवविवाहिता होने के कारण तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही मामले की जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया है, ताकि मौत के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





