कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक हादसा सामने आया है। खेलते-खेलते 3 साल का मासूम कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 स्थित पुरानी बस्ती के दादर बस्ती की है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खेलते हुए कुएं के पास पहुंचा मासूम
जानकारी के मुताबिक, अभियांस पटेल घर पर खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर से लगी बाड़ी में बने कुएं के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। काफी देर तक जब अभियांस घर पर नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
खोजबीन के दौरान परिजनों को मासूम के कुएं में गिरने की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल उसे बाहर निकाला गया और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दो भाइयों में छोटा था अभियांस
अभियांस के पिता सतानंद पटेल खेती-किसानी के साथ बाड़ी में सब्जी लगाने का काम करते हैं। मासूम दो भाइयों में छोटा था और आंगनबाड़ी जाता था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कुएं में पानी लबालब भरा हुआ था। मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।





