July 31, 2026

कोरबा में ‘पैसा वसूल’ क्लॉथ स्टोर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका

कोरबा। शहर के पावर हाउस रोड स्थित ‘पैसा वसूल’ क्लॉथ स्टोर में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। दुकान से उठती आग की लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार की अधिकांश दुकानें बंद थीं। देर रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने क्लॉथ स्टोर से धुआं निकलता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गया।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

दमकल विभाग की टीम ने करीब आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। समय रहते आग पर नियंत्रण मिलने से वह आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं, दुकान संचालक को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।