कोरबा। जिले में एक बार फिर पटवारी द्वारा रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। किसान से पैसे लेते हुए पटवारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
पिपरिया हल्के का मामला
यह मामला पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के पसान तहसील अंतर्गत पिपरिया हल्के का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पटवारी विनोद अग्रवाल पर आरोप है कि उसने जमीन के वन पट्टा ऑनलाइन करने के लिए 5 हजार रुपये और फौती नामांतरण के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
किसान ने बनाया वीडियो
बताया जा रहा है कि मजबूर किसान ने रिश्वत देते समय पटवारी का वीडियो बना लिया, जिसमें वह टेबल के नीचे नोट गिनते हुए नजर आ रहा है। यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
एसडीएम ने की कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम मनोज कुमार बंजारे ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटवारी विनोद अग्रवाल को निलंबित कर दिया है। प्रशासन ने मामले की आगे जांच भी शुरू कर दी है।
जांच जारी
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





