कोरबा/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के कोरबा और रायगढ़ जिलों से खेल, हादसा और अपराध से जुड़ी अहम खबरें सामने आई हैं।
कॉल कप क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
कोरबा के इंदिरा स्टेडियम, आदर्श नगर में कॉल कप क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन महालक्ष्मी बालको और यूसीए कोरबा के बीच मैच से हुआ।
प्रतियोगिता में जिले की 14 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मैच में बालकों की टीम विजेता रही। विजेता टीम को 41 हजार रुपए नगद व ट्रॉफी, और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए व ट्रॉफी दी जाएगी। फाइनल 21 फरवरी को खेला जाएगा।
शादी से पहले युवती ने की आत्महत्या
कोरबा के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तुलबुल में 20 वर्षीय वेदमती मरावी का शव अपने घर के पास परसा पेड़ पर फांसी के फंदे पर मिला।
परिवार ने बताया कि 8 मार्च को उसकी शादी तय थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारण पीएम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होंगे।
नहर में डूबने से 9 वर्षीय बालक की मौत
उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा में अपने नाना के घर आए 9 वर्षीय रोशन कुमार कंवर नहर में नहाने के दौरान तेज बहाव में बह गया। घंटों की तलाश के बाद उसका शव पड़ोसी जिले जांजगीर-चांपा के पंतोरा चौकी क्षेत्र से बरामद किया गया।
गर्म राख में झुलसी महिला की मौत
रायगढ़ जिले के भूदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगाढकेल निवासी 60 वर्षीय झूलामति राठिया गाय चराने के दौरान जिंदल के राखड़ यार्ड में गर्म राख में समा गईं। गंभीर रूप से झुलसने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 14 फरवरी को उनका निधन हो गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की।
गौ-तस्करी में तीन गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत दो अलग-अलग मामलों में 24 मवेशियों को तस्करों से मुक्त कराया।
तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पिकअप और बाइक जब्त की गई। आरोपियों पर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
धरमजयगढ़ क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता से 14 मवेशियों को बचाया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।





