March 5, 2026

Korba-Raigarh News Update : बैंक हड़ताल से ठप रहा कामकाज, स्टंटबाजों पर कार्रवाई, छात्रा अपहरण केस में आरोपी गिरफ्तार

Korba-Raigarh News Update : कोरबा और रायगढ़ जिले से जुड़ी अहम खबरें सामने आई हैं। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से जहां कारोबार प्रभावित हुआ, वहीं मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर स्टंट करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। दूसरी ओर छात्रा के अपहरण और छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


🔹 बैंक हड़ताल से ठप रहा कामकाज, कारोबार प्रभावित

कोरबा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर जिले के सभी सरकारी बैंक कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप रहा और आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यूनियनों का कहना है कि बैंकों में भी सप्ताह में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की व्यवस्था लागू की जाए। मार्च 2024 में भारतीय बैंक संघ (IBA) के साथ हुए वेतन समझौते में सभी शनिवार छुट्टी देने पर सहमति बनी थी, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया। इसी देरी के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर हैं।

इस हड़ताल में एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक सहित सभी प्रमुख सरकारी बैंक शामिल रहे। यूनियनों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।


🔹 एनटीपीसी ठेका श्रमिक सौंपेंगे ज्ञापन

कोरबा। एनटीपीसी कामगार यूनियन के नेतृत्व में 28 जनवरी को ठेका श्रमिकों की समस्याओं को लेकर पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा के.सी. जैन मार्ग से शुरू होकर दर्री बाजार, कोहड़िया, सीएसईबी चौक, घंटाघर, कोसाबाड़ी होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेगी।

यूनियन अध्यक्ष फागू राम कश्यप ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल होकर कलेक्टर को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।


🔹 मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर स्टंट, 9 पर कार्रवाई

कोरबा। गणतंत्र दिवस के दिन मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर स्टंट कर रहे युवकों पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। शहर में तेज आवाज और खतरनाक ड्राइविंग कर रहे बाइक चालकों पर विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर टीम ने अलग-अलग चौक चौराहों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान कुल 9 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें यातायात पुलिस ने 7 और सिविल लाइन थाना ने 2 मामले दर्ज किए।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि दोबारा ऐसा करने पर वाहन जब्ती और जेल की कार्रवाई भी होगी।


🔹 रायगढ़ की बेटी नम्रता गुप्ता को 5 गोल्ड मेडल

रायगढ़। टिनमिनी निवासी नम्रता गुप्ता ने संगीत के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए 5 गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं।

नम्रता ने शुरुआती पढ़ाई टिनमिनी और पुसौर से पूरी की। बाद में इंदिरा गांधी संगीत एवं कला महाविद्यालय खैरागढ़ से डिग्री और मास्टर ऑफ म्यूजिक किया। वर्तमान में वे खैरागढ़ में गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत हैं और जिले का नाम रोशन कर रही हैं।


🔹 चाकू दिखाकर छात्रा का अपहरण, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छात्रा के अपहरण और छेड़छाड़ के गंभीर मामले में आरोपी शाकिब खान (24) को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के अनुसार आरोपी लंबे समय से पीछा कर परेशान कर रहा था। 26 जनवरी को आरोपी ने चाकू दिखाकर जबरन ईको कार में बैठाया और गलत नियत से छेड़छाड़ की।

मामले में धारा 137(2), 74, 75(2), 78(2) बीएनएस एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी के पास से चाकू और ईको कार भी जब्त कर ली गई है।