कोरबा। कोरबा नगर विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री Lakhan Lal Devangan के प्रयासों से रानी रोड कोरबा से सर्वमंगला मंदिर के बीच हसदेव नदी पर रपटा (लो-लेवल ब्रिज) निर्माण के लिए 13.44 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इससे पुराने कोरबा शहर की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है।
मंत्री देवांगन ने बताया कि रानी रोड से सर्वमंगला मंदिर के बीच रपटा बनने से सर्वमंगला मंदिर, कुसमुंडा और कनकी-बिलासपुर की ओर आने-जाने वाले लोगों को उषा कॉम्प्लेक्स रेलवे क्रॉसिंग और सर्वमंगला पुल से घूमकर नहीं जाना पड़ेगा। लंबे समय से शहर के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवकों द्वारा इस निर्माण की मांग की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के कोरबा प्रवास के दौरान इस संबंध में विशेष आग्रह किया गया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद सेतु निगम के माध्यम से ड्राइंग-डिजाइन और प्राक्कलन तैयार किया गया। राज्य शासन द्वारा 13.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी होने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
रपटा बनने से एक ओर सर्वमंगला पुल पर यातायात का दबाव कम होगा, वहीं पुराने कोरबा क्षेत्र को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने से विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री Arun Sao तथा वित्त मंत्री OP Choudhary के प्रति आभार व्यक्त किया।





