कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र में जमीन सीमांकन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गलत सीमांकन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब दो घंटे तक कार में बंधक बनाकर रखा। मामले में पटवारी की शिकायत पर चार ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना नोनबिर्रा गांव की है। नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर हल्का पटवारी भरत चौहान और राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह 8 मई को ग्राम नोनबिर्रा के बनियापारा पहुंचे थे। यहां आवेदक संतराम की भूमि खसरा नंबर 643/1, रकबा 0.085 हेक्टेयर का सीमांकन किया जाना था।
पटवारी के मुताबिक, सभी संबंधित पक्षों को सूचना देने के बाद विधिवत सीमांकन की प्रक्रिया पूरी की गई और खसरा नंबर 643 की नाप कर जानकारी दी गई। इसके बाद एक ही परिवार के कुछ ग्रामीण सीमांकन को गलत बताते हुए विवाद करने लगे।
विवाद के दौरान ग्रामीणों ने आरआई और पटवारी को कार में बैठाकर करीब दो घंटे तक रोके रखा। इस दौरान एक ग्रामीण ने रस्सी लेकर आत्महत्या करने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
मामले में करतला पुलिस ने पटवारी की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





