May 14, 2026

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: पूर्व SECL GM अरुण त्यागी की मौत, सिंगरौली जाते समय हादसा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी की मौत हो गई। हादसा बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया के पास हुआ, जहां उनकी कार आगे चल रहे पार्सल वाहन से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, अरुण त्यागी को हाल ही में डायरेक्टर टेक्निकल (DT) पद पर प्रमोशन मिला था। वे नई जिम्मेदारी संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हादसे पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने शोक जताते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिवार को इस कठिन समय में शक्ति दें।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।