July 27, 2026

पोस्टमार्टम में देरी पर बवाल, सरपंच की पिटाई से कर्मचारी की मौत; हत्या का केस दर्ज

कोरबा। जिले में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जहां एक सरपंच द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई के बाद अस्पताल के बुजुर्ग कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सिविल लाइन थाना रामपुर क्षेत्र की है।

पोस्टमार्टम को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को जिला मेडिकल अस्पताल कोरबा में एक मृतक के पोस्टमार्टम को लेकर बेंदरकोना गांव के सरपंच जय सिंह तंवर ने हंगामा किया। वह पोस्टमार्टम जल्दी करवाने का दबाव बना रहा था, जबकि संबंधित कर्मचारी अन्य आवश्यक कार्य में व्यस्त थे।

कर्मचारी के साथ की बेरहमी से मारपीट
कर्मचारी द्वारा थोड़ी देर इंतजार करने की बात कहने पर सरपंच भड़क गया और उसने कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने कर्मचारी का सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना भी दिया था। पुलिस ने शुरुआत में शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और मारपीट का मामला दर्ज किया था। लेकिन 6 अप्रैल को इलाज के दौरान घायल कर्मचारी की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
मृतक के पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी।

आरोपी सरपंच गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी सरपंच जय सिंह तंवर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।