May 17, 2026

कोरबा में 3.08 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, 32 स्कूलों में शौचालय और 21 में किचन शेड बनेंगे

कोरबा। शासकीय स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए छत्तीसगढ़ सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में कोरबा के नगर विधायक और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने शुक्रवार को 32 विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालय निर्माण और 21 विद्यालयों में किचन शेड निर्माण सहित 3.08 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

कोरबा विधानसभा क्षेत्र के दर्री जोन स्थित शासकीय स्कूल अगराखार के पास आयोजित कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत समेत अन्य अतिथियों ने विधिवत भूमिपूजन और शिलान्यास किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक के स्कूलों में अधोसंरचना को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला खनिज न्यास मद से शासकीय स्कूलों में नए भवन निर्माण, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, किचन शेड और सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है।

इसके अलावा कोसाबाड़ी जोन के सरस्वती शिशु मंदिर सीएसईबी कोरबा में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने कहा कि सुशासन की सरकार में कोरबा नगर समेत पूरे जिले का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर बच्चों के भीतर भारत और भारतीयता के प्रति कर्तव्य बोध जगाने के साथ उन्हें संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य कर रहा है। यहां से निकले छात्र समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर देश के विकास में योगदान दे रहे हैं।

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास के हर पैमाने पर बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि शहर में सीसी रोड, नाली, पेयजल, सफाई, स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण जैसे मूलभूत कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

महापौर ने यह भी कहा कि शहर के 10 नालों को जोड़कर एसटीपी प्लांट के माध्यम से पानी के ट्रीटमेंट की योजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने भी सरकार और मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों की सराहना की। लोगों ने कहा कि स्कूलों में शौचालय की कमी के कारण बच्चों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब इन सुविधाओं के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण मिलेगा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन
दर्री जोन के 32 शासकीय विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालय निर्माण (लागत 1.60 करोड़ रुपए) और 21 विद्यालयों में किचन शेड निर्माण (73 लाख रुपए) किया जाएगा। इसके अलावा कोसाबाड़ी जोन के वार्ड क्रमांक 19 में सरस्वती शिशु मंदिर में अतिथि भवन निर्माण (25 लाख रुपए), वार्ड क्रमांक 22 में रोड और शेड निर्माण (10 लाख रुपए), वार्ड क्रमांक 24 नेहरू नगर में ग्रीन बेल्ट निर्माण (30 लाख रुपए) तथा वार्ड क्रमांक 21 गायत्री यज्ञपीठ सीएसईबी कॉलोनी में अतिरिक्त भवन निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य (लगभग 10 लाख रुपए) शामिल हैं।