कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में SECL की मानिकपुर कोयला खदान में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। कोयला चोरी करने के इरादे से खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसे 42 वर्षीय भगत कुमार मरावी 170 फीट गहरी खाई में गिर गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना ने एक बार फिर SECL की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

हादसे का विवरण:
मिली जानकारी के अनुसार, भगत कुमार मरावी ग्राम कुदारी के रहने वाले थे। वह दोपहर को खदान के भीतर कोयला चोरी करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में जा गिरे। गिरने से गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी तुरंत मौत हो गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल:
यह हादसा SECL की सुरक्षा तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। मानिकपुर खदान से सटे ग्रामीण इलाकों से कोयला चोरी की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। स्थानीय लोग चोरी किए गए कोयले को पास के ढाबों, होटलों और बाजार में सस्ते दामों पर बेचते हैं। विशेषज्ञों और ग्रामीणों का कहना है कि बाउंड्री वॉल और सुरक्षाकर्मियों के दावों के बावजूद लोग इतनी आसानी से प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे प्रवेश कर जाते हैं, यह चिंता का विषय है।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मर्ग दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





