July 23, 2026

कोरबा में पुरानी रंजिश को लेकर 15–20 लोगों का हमला, घर में घुसकर महिलाओं-बच्चों से मारपीट, वीडियो वायरल से हड़कंप

कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामढ़ी इलाके में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक विवाद हो गया। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जमकर मारपीट की। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपियों की बर्बरता स्पष्ट दिखाई दे रही है।

घर में घुसकर हमला, दरवाजा तोड़कर की मारपीट

जानकारी के अनुसार, आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर सीतामढ़ी स्थित नैना गोस्वामी के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले घर का दरवाजा तोड़ा और फिर जबरन अंदर घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया।

इस दौरान नैना गोस्वामी, उनकी बहन, बच्चों और जीजा के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के भी आरोप सामने आए हैं।

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला

वायरल वीडियो में घायल अवस्था में दिख रही पीड़िता नैना गोस्वामी ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

उनका कहना है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला किया।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पुलिस जांच जारी

घटना में नैना गोस्वामी और उनकी बहन गंभीर रूप से घायल हुई हैं। पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।