KORBA NEWS UPDATE: कोरबा। जिले के करतला वनमंडल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर में आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियाई पक्षियों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीण इन प्रवासी पक्षियों को शुभ मानते हैं और हर वर्ष इनके आगमन का इंतजार करते हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुर में स्थित एक इमली के पेड़ पर साइबेरियाई पक्षियों ने अपना बसेरा बनाया हुआ था। गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वहां मौजूद छह पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि हर साल ये प्रवासी पक्षी हजारों किलोमीटर का सफर तय कर गांव पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में यहां रहकर प्रजनन करते हैं और बच्चों के बड़े होने के बाद वापस अपने मूल निवास की ओर लौट जाते हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन पक्षियों के आगमन से गांव में खुशहाली और अच्छे मौसम का संकेत मिलता है।
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत पक्षियों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। वन विभाग द्वारा मौत के कारणों की पुष्टि और आवश्यक जांच की जा रही है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने हैरानी जताई है कि गांव में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाए जाने के बावजूद पेड़ पर बिजली कैसे गिर गई। ग्रामीणों ने तड़ित चालक की कार्यप्रणाली की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
वन विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं पक्षियों की मौत से ग्रामीणों में मायूसी का माहौल है।





