कोरबा। जिले में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए मंत्री लखनलाल देवांगन ने बड़ी पहल की है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखकर सीतामणी से उरगा तक करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग को फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने और इसे भारतमाला परियोजना से जोड़ने की मांग की है।
वर्तमान सिंगललेन मार्ग से आवागमन में परेशानी
मंत्री देवांगन ने पत्र में सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी, कोरबा से उरगा स्थित भारतमाला परियोजना के सड़क मार्ग तक फोरलेन सड़क निर्माण की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस क्षेत्र से भारतमाला परियोजना तक सुगम और व्यवस्थित संपर्क मार्ग उपलब्ध नहीं होने के कारण स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है।
रोजाना बढ़ता है वाहनों का दबाव
मंत्री ने कहा कि यह मार्ग शहर के प्रवेश क्षेत्र में आता है, जिसके चलते यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। सरस्वती शिशु मंदिर और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और नागरिक भी रोजाना आवागमन करते हैं। वर्तमान मुख्य मार्ग सिंगललेन होने के कारण भारी वाहनों के साथ छोटे वाहन भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं।
भारतमाला से जुड़ने पर मिलेगा फायदा
देवांगन ने कहा कि सीतामणी क्षेत्र को भारतमाला परियोजना के प्रमुख सड़क मार्ग से जोड़ने से लोगों को सुरक्षित, सुगम और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
जनहित और क्षेत्र के विकास को देखते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सीतामणी से उरगा तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण को स्वीकृति देने का आग्रह किया है।






