July 23, 2026

जमीन बंटवारे के विवाद में बेटे ने मां की लाठी से पीटकर हत्या, पिता पर भी जानलेवा हमला

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जमीन बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। उरगा थाना क्षेत्र के चीतापाली गांव में एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घटना के कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी रामकुमार यादव लंबे समय से परिवार की जमीन के बंटवारे की मांग कर रहा था। परिजनों द्वारा बंटवारे से इनकार किए जाने पर उसने गुस्से में अपनी मां जानकुंवर यादव पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पिता को बचाने आए तो उन पर भी किया हमला

मां को बचाने पहुंचे पिता श्याम लाल यादव पर भी आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल पिता का अस्पताल में उपचार जारी है।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने दबोचा

बताया जा रहा है कि आरोपी रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था। उरगा थाना पुलिस ने शनिवार सुबह उसे ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया।

हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे चीतापाली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।