September 4, 2026

कोरबा में सास को आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला, बहू समेत माता-पिता गिरफ्तार; तीनों जेल भेजे गए

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में सास को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के मामले में पुलिस ने मृतका की बहू समेत उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

घर में फांसी लगाकर की थी आत्महत्या

मामला 27 अगस्त 2026 का है। लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान घर की दीवार पर लिखा एक सुसाइड नोट मिला। इसमें मृतका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।

लगातार विवाद और प्रताड़ना से परेशान थी मृतका

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आत्महत्या से पहले मृतका ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। परिजनों के मुताबिक, मृतका के पति की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी। परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

परिजनों ने आरोप लगाया कि बहू और उसके मायके पक्ष की ओर से मृतका पर घर से बाहर निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार विवाद और कथित प्रताड़ना से वह परेशान थी। यह भी बताया जा रहा है कि इससे पहले मृतका ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था।

बहू समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सुसाइड नोट, वीडियो और परिजनों के बयानों को जांच में शामिल करते हुए कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने पूर्णिमा महंत (24), निवासी लक्ष्मण तालाब, सुमेरन बाई (45) और मिलन दास (55), दोनों निवासी सोहागपुर, उरगा को गिरफ्तार किया।

तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, दीवार पर मिले सुसाइड नोट, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।