May 14, 2026

एक साल बाद खुला चोरी का मामला, 4 आरोपी और खरीदार गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पुलिस को “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। करीब एक साल पहले अधिवक्ता के घर हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने खरीदार सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के जेवर और नगदी बरामद की गई है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान में 19 अप्रैल 2025 को चोरी हुई थी। चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 10 तोला सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी थी। चोरी गए सामान में रानी हार सेट, झुमका, सोने की चेन और चांदी की पायल शामिल थे।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पहले दो आरोपियों अमित खांडे और गौतम कुमार जांगड़े को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया, जिसके बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की।

मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपी सुनील शुक्ला, गणेश दास और अनिल नामदेव को गिरफ्तार किया। साथ ही चोरी के गहनों को खरीदने वाले व्यापारी हिमेश सोनी को भी दबोचा गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लॉकेट, 3 तोला सोने का बिस्किट, चांदी की पायल, रानी हार, झुमका, सोने की चेन और नगदी समेत करीब 8 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

कटघोरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, CCTV कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।