कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने एक साल पहले अधिवक्ता के घर हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 10 तोला सोने के जेवरात, नगदी सहित लगभग 8 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

एक साल पहले हुई थी वारदात
जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के सूने मकान में 19 अप्रैल 2025 को अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपियों ने घर से रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, दो चांदी की पायल और नगदी पार कर दी थी। घटना में मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही जांच में तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना अहम साबित हुई। इसके आधार पर पुलिस ने अमित खांडे और गौतम कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
8 लाख का माल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सामान बरामद किया, जिसमें रानी हार सेट, सोने के जेवर, चांदी की पायल और करीब 3 हजार रुपये नकद शामिल हैं। कुल मिलाकर लगभग 8 लाख रुपये का मसरूका जब्त किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, CCTV कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





